मधवापुर । बकरीद पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने मधवापुर व साहरघाट थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाल पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का संदेश दिया। इस दौरान अंचलाधिकारी रामकुमार पासवान, साहरघाट थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान व मधवापुर थानाध्यक्ष गया सिंह के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च कर मुस्लिम इलाको में जाकर सभी को पर्व भाईचारे के साथ कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मनाने का संदेश दिया।
जहां फ्लैग मार्च साहरघाट, बसवरिया, उतरा, अवारी, पिहवाड़ा, सलेमपुर समेत विभिन्न गांव में जाकर सभी को शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का अपील किया। इसी क्रम में साहरघाट व मधवापुर पुलिस ने बिना मास्क वाले से जुर्माना भी वसूले।
प्रशासनिक पदाधिकारियों ने लोगों से कहा कि मिथिला की धरती शुरू से ही काफी शांति प्रिय रही है। यहां सभी पर्व त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में सामाजिक सौहार्द के बीच मनाने की परंपरा रही है। इस वर्ष भी बकरीद पर्व भी शांतिपूर्ण संपन्न तरीके के कोविड-19 के सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए मनाया जायेगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि कोरोना पूर्णतः समाप्त नही हुआ है और अगले महीने में उसकी तीसरी लहर आने की संभावना जतायी जा रही है। जिसको लेकर सभी लोगों को सचेत व सजग रहने की जरूरत है और सभी लोगों को कोविड-19 के टीके लगवाने की जरूरत है। सभी लोग ध्यान रखें कि कोविड-19 के गाइडलाइन का पालन करना आवश्यक है। बकरीद पर्व के दौरान सामूहिक नमाज नही अता नही होगी। सभी लोग अपने-अपने घर में ही नमाज अदा करने का काम करेंगे और अन्य लोगों को भी इसके लिये प्रेरित करेंगे।

















