
- Patna : Thu , 19 Nov.
- Janprabhab India Beauro
अनुमंडल कार्यालय स्थित एसडीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में एसडीएम अशोक कुमार मंडल की अध्यक्षता में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई. जिसमें सभी छठ घाटों पर नजर रखने, सुरक्षा की सामुचित व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, घाटों का निरीक्षण कर सभी सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करने और प्रसाद वितरण पर रोक को सुनिश्चित कराने सहित कई विंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी.
बैठक में एसडीएम श्री मंडल ने कहा कि किसी भी छठ घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुहिक प्रसाद वितरण तथा आतिशबाजियों पर रोक रहेगी और सभी अधिकारी इसका अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का एक बार निरीक्षण कर वहां सभी व्यवस्थाएं की गयी है या नही इसका अवलोकन कर लें, ताकि वहां आने वाले व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने सभी एसएचओ को अपने अपने क्षेत्र में उपद्रवी तत्वों पर नजर रखने की हिदायत दी.
उन्होंने कहा कि नहाय खाय के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ की बुधवार से शुरूआत हो गयी है. इस महापर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है. इसके लिये संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधि और कर्मियों से परस्पर समन्वय स्थापित कर कार्य को बेहतर तरीके से संपादित करेंगें. छठ घाट पर पानी में बच्चें व बुजुर्ग प्रवेश नही करें, व्रती अधिक गहरे पानी में नही जा पाये, कोरोना से संबंधित प्राॅटोकाॅल का पालन हो और छठ घाटों पर कोई आतिशबाजी न किया जा सके,
इसका भी ध्यान सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष रखेंगें. किसी भी हाल में छठ घाटों पर न तो कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायें न ही प्रसाद वितरण ही किया जाये. इसको लेकर लोगों को प्रेरित करने का भी निर्देश दिया. मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार, बीडीओ मनोज कुमार, बिस्फी के अहमर अब्दाली,
हरलाखी के अरविंद कुमार सिंह, मधवापुर के सीओ राम कुमार पासवान, अड़ेर थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, मधवापुर के गया सिंह, हरलाखी के प्रेमलाल पासवान, बिस्फी के संजय कुमार, साहरघाट के सुरेंद्र कुमार, खिरहर के अंजेश कुमार सहित कई पदाधिकारी तथा कर्मी भी मौजूद थे.

